केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रही कॉकरोच जनता पार्टी को बातचीत के लिए खुला न्योता दिया है। उन्होंने एक बयान जारी कर यह जानकारी दी।
डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा, “सरकार की ओर से हम बातचीत के लिए हर समय तैयार हैं और जितना समय चाहिए उतना समय देने के लिए तैयार हैं।”
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि सरकार पहले भी कई बार बातचीत की कोशिश कर चुकी है। उन्होंने कहा, “सरकार ने कल दोपहर से उनके प्रतिनिधियों के साथ बातचीत के लिए चार बार औपचारिक प्रस्ताव भेजे हैं।”
उन्होंने युवाओं से सीधे अपील की। “हम अपने सभी युवा साथियों को खुला निमंत्रण देते हैं कि सरकार आपकी सुविधा के अनुसार, किसी भी समय, सभी मुद्दों पर बातचीत के लिए तैयार है।”
डॉ. जितेंद्र सिंह ने बताया कि बातचीत केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा के कार्यालय या उनके आवास पर हो सकती है। उन्होंने कहा कि सरकार की तरफ से किसी तरह की प्रतिष्ठा का सवाल नहीं है।
उन्होंने कहा, “केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा और मैं स्वयं बातचीत के लिए मौजूद रहेंगे। हमें उम्मीद है कि बातचीत के जरिए धीरे-धीरे समाधान की दिशा में आगे बढ़ेंगे।”
उन्होंने इसे सरकार की बड़ी कोशिश का हिस्सा बताया। “यह छात्रों के हित में सरकार द्वारा उठाए जा रहे लगातार कदमों का हिस्सा है। मैं विनम्रतापूर्वक आप सभी से अपील करता हूं कि बातचीत के लिए आइए।”
सीजेपी की तरफ से अब तक इस पर साफ रुख आ चुका है। पार्टी बातचीत तो चाहती है.
लेकिन इसके लिए जंतर-मंतर या कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया जैसी किसी न्यूट्रल जगह पर जोर दे रही है। सीजेपी अब धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे समेत कुल चार प्रमुख मांगें सरकार के सामने रख चुकी है।
इससे पहले जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह मेदांता अस्पताल पहुंचकर अनशन पर बैठे सोनम वांगचुक से भी मिल चुके हैं। सूत्रों के मुताबिक दोनों मंत्रियों की वांगचुक से एक घंटे से ज्यादा बातचीत हुई, जिसमें सरकार ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार को लेकर आश्वासन दिया।
अब सबकी नजर इस पर है कि सीजेपी सरकार के इस न्योते को स्वीकार करती है या नहीं, और अगर बातचीत होती है तो वह किस जगह और किन शर्तों पर होगी। जंतर-मंतर पर जारी तनाव के बीच यही बातचीत आने वाले दिनों में आंदोलन की दिशा तय कर सकती है।

Curated news reports, in-depth analysis, and special features by India’s Opinion editorial team.




