गाजीपुर के शेखपुर गांव में पौधरोपण महायज्ञ कार्यक्रम हुआ। इसमें यूपी के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर पहुंचे। यहां उन्होंने सपा मुखिया अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा।

राजभर ने कहा कि असली पीडीए तो एनडीए गठबंधन में है। उन्होंने दावा किया कि अखिलेश के पीडीए का मतलब है- “पीट देगा अहीर, पीट देगा अल्पसंख्यक।”

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले पर भी राजभर ने बयान दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को खुश होना चाहिए कि उसने मंदिर का ताला खुलवाया। उनके मुताबिक मंदिर एनडीए ने बनवाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को दर्शन-पूजन करना चाहिए, विवाद में नहीं पड़ना चाहिए।

राजभर ने सपा सरकार पर भी आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि सपा के कार्यकाल में मस्जिद और कब्रिस्तान पर पैसा खर्च होता था।

उन्होंने अखिलेश यादव से गठबंधन टूटने का जिक्र भी किया। राजभर ने कहा, “अखिलेश जी ने हमें तलाक दिया, हमने कबूल किया।” उन्होंने कहा कि सुबह अखिलेश की फोटो देखकर गुस्सा आता है।

राजभर ने यह भी दावा किया कि अखिलेश से मिलने और फोटो खिंचवाने के पैसे लगते हैं। उन्होंने कहा कि यह बात सपा के कमजोर कार्यकर्ताओं ने उन्हें बताई है।

गौरतलब है कि ओपी राजभर पहले सपा के साथ गठबंधन में विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं।

अब वे लगातार अखिलेश यादव पर हमलावर हैं। हाल ही में अखिलेश के जन्मदिन पर भी राजभर ने तंज कसा था। उन्होंने अखिलेश को आलसी और आरामतलब बताया था। राजभर ने सलाह दी थी कि अखिलेश एसी-पीसी वाली राजनीति छोड़ें। उन्होंने कहा था कि अखिलेश गांव-देहात में जाकर गरीबों और वंचितों से मिलें।