प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिका के उप राष्ट्रपति जेडी वेंस के बीच शनिवार रात फोन पर बातचीत हुई। इसकी जानकारी खुद पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दी।
यह बातचीत ऐसे समय हुई है जब अमेरिकी सीनेट रूस पर नए प्रतिबंधों से जुड़ा एक बिल पहले ही पारित कर चुकी है। इस बिल में रूस से तेल और गैस खरीदने वाले देशों पर कड़े टैरिफ लगाने का प्रावधान है। भारत भी उन देशों में शामिल है, जिन पर इसका सीधा असर पड़ सकता है।
हालांकि इस बड़े घटनाक्रम के बीच भी पीएम मोदी ने अपने पोस्ट में न तो रूस का जिक्र किया, न ही प्रस्तावित टैरिफ का। उन्होंने सिर्फ इतना बताया कि दोनों नेताओं ने भारत-अमेरिका व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की।
पीएम मोदी ने क्या पोस्ट किया
पीएम मोदी ने शनिवार रात करीब 11 बजे एक्स पर पोस्ट कर इस बातचीत की जानकारी दी। उन्होंने लिखा, “अमेरिका के उप राष्ट्रपति जेडी वेंस का फोन आया। हमने भारत-अमेरिका व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को अहम क्षेत्रों में और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की।”
उन्होंने आगे लिखा, “उन्हें और सेकंड लेडी को उनके बेटे के जन्म पर बधाई दी और पूरे परिवार को शुभकामनाएं दीं।”
विदेश मंत्रालय ने क्या बताया
भारत के विदेश मंत्रालय ने इस फोन कॉल को लेकर एक प्रेस रिलीज जारी की। इसमें कहा गया कि प्रधानमंत्री मोदी और उप राष्ट्रपति वेंस ने भारत-अमेरिका संबंधों में हुई प्रगति पर चर्चा की। “दोनों नेताओं ने दोनों देशों के बीच लगातार हो रही बातचीत पर संतोष जताया,” रिलीज में कहा गया।
विदेश मंत्रालय के मुताबिक, दोनों नेताओं ने व्यापार, रक्षा, नई तकनीक, ऊर्जा सुरक्षा और जरूरी खनिजों के क्षेत्र में सहयोग को और मजबूत करने पर सहमति जताई।
जेडी वेंस की ओर से अभी तक इस फोन कॉल को लेकर सोशल मीडिया पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
वेंस परिवार में नए मेहमान की बधाई
फोन पर हुई बातचीत के दौरान पीएम मोदी ने जेडी वेंस और उनकी पत्नी उषा वेंस को उनके बेटे के जन्म पर बधाई दी। जेडी वेंस और उषा वेंस के घर 19 जुलाई 2026 को चौथे बच्चे के रूप में एक बेटे का जन्म हुआ था। बेटे का नाम एलेक नील वेंस रखा गया है।
एसोसिएटेड प्रेस के मुताबिक, 150 से ज्यादा वर्षों में यह पहली बार है। किसी मौजूदा अमेरिकी उप राष्ट्रपति के कार्यकाल के दौरान उनके घर बच्चे का जन्म हुआ है।
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी वेंस परिवार को बधाई दी थी। उन्होंने लिखा था, “बधाई हो! वेंस परिवार के घर एक बहुत प्यारे बेटे का जन्म हुआ है।”
जेडी वेंस और उषा वेंस के पहले से तीन बच्चे हैं। इनमें 9 साल के इवान, 6 साल के विवेक और 4 साल की मिराबेल शामिल हैं।
वेंस की पिछली भारत यात्रा
अमेरिकी उप राष्ट्रपति बनने के बाद जेडी वेंस अप्रैल 2025 में पहली बार भारत के चार दिवसीय आधिकारिक दौरे पर आए थे। इस यात्रा में उनकी पत्नी उषा वेंस और बच्चे भी उनके साथ भारत आए थे।
21 अप्रैल 2025 को प्रधानमंत्री मोदी ने जेडी वेंस से मुलाकात की थी। उस समय विदेश मंत्रालय ने कहा था कि दोनों नेताओं ने भारत-अमेरिका संबंधों में सहयोग बढ़ाने की दिशा पर चर्चा की।
विदेश मंत्रालय के मुताबिक, दोनों नेताओं ने उस मुलाकात में भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील को लेकर हुई प्रगति का स्वागत किया था। इस समझौते का मकसद दोनों देशों के लोगों के हित में व्यापार को बढ़ावा देना था। इसके अलावा दोनों नेताओं ने ऊर्जा, रक्षा और नई तकनीक समेत अन्य क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर भी चर्चा की थी।
यह उप राष्ट्रपति बनने के बाद जेडी वेंस की पहली भारत यात्रा थी। दौरे के दौरान वेंस और उनके प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली में कई कार्यक्रमों में हिस्सा लिया था। इसके अलावा उन्होंने जयपुर और आगरा का भी दौरा किया था। इसके बाद 24 अप्रैल 2025 को वे वॉशिंगटन डीसी के लिए रवाना हो गए थे।

Curated news reports, in-depth analysis, and special features by India’s Opinion editorial team.




